बजट को लेकर महिला कांग्रेस का हंगामा: ठेले पर स्कूटी-सिलेंडर रख घेराव करने निकली
इधर विधानसभा के बाहर विधायकों ने बजाई ताली

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा में पेश किए गए बजट को लेकर महिला कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। महिला कार्यकर्ता पीसीसी दफ्तर से वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा के बंगले का घेराव करने निकली। महंगाई और आम परिवारों से जुड़े मुद्दों की अनदेखी के चलते विरोध जताया। ठेले पर खाली थाली, स्कूटी-गैस सिलेंडर रखकर प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस ने बजट को राजधानी भोपाल में गुरुवार को जमकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी सेतिया के नेतृत्व में महिला कार्यकर्ताएं वित्त मंत्री के बंगले का घेराव करने निकली। इस दौरान पुलिस से झड़प भी हुई। महिला कांग्रेस ने पुतला जलाया और बैरिकेडिंग पर चढ़ते हुए भी नजर आई। वहीं रीना बोरासी सेतिया ने कहा कि महंगाई चरम पर है। जो बजट पेश किया गया है उसमें महिलाओं के लिए कोई ऐसी बात नहीं जो राहत देती हो। हमने चेतावनी भी दी थी कि बजट हमारे पक्ष में नहीं आता है तो हम वित्त मंत्री के बंगले का घेराव करेंगे। वहीं विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने से पहले कांग्रेस विधायकों ने भी प्रदर्शन किया। कांग्रेस विधायकों ने ताली बजाते हुए कहा कि बजट के नाम पर सिर्फ वादे किए गए। सिर्फ घोषणाओं पर मध्य प्रदेश की सरकार चल रही है। महिला सुरक्षा, बेरोजगारी, किसान के मुद्दे पर सरकार सिर्फ ख्याली पुलाव पका रही है।
कमलनाथ ने कही ये बात
पूर्व सीएम कमलनाथ ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि एमपी पर 5 लाख करोड़ का कर्ज है। इसके बाद भी सरकार लगातार कर्ज ले रही है। इस साल भी सरकार ने 70 हजार करोड़ का कर्ज लिया है। प्रदेश पर कर्ज का बोझ बढ़ रहा है। इधर, विधानसभा में इंदौर के भागीरथपुरा में हुई दूषित पानी से मौतों का मामला भी गूंजा। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के सवाल पर स्वास्थ्य राज्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने जवाब दिया। उन्होंने बताया कि अब तक 22 लोगों की मृत्यु हुई है। अभी तक मृतक के परिजनों को 44 लाख रुपए मुआवजा दिया गया है। वहीं सिंघार ने कहा कि सरकार दूषित पानी पिलाकर मार रही है और अब आंकड़े छुपा रही है।




