कांग्रेस जिला अध्यक्ष की लड़ाई पहुंची दिल्ली
इंदौर के नए अध्यक्ष के विरोध में AICC के बाहर धरने पर बैठे कार्यकर्ता

भोपाल। मध्यप्रदेश में कांग्रेस जिला अध्यक्षों की नियुक्ति के बाद जारी सियासी बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी कड़ी में कांग्रेस जिला अध्यक्ष की लड़ाई अब दिल्ली तक पहुंच गई है। प्रदेश के इंदौर जिला के नए अध्यक्ष के खिलाफ कार्यकर्ताओं ने हटाने मोर्चा खोल दिया है। दरअसल विरोध करने बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचे हैं। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) दफ्तर के बाहर इंदौर जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े की नियुक्ति को लेकर विरोध जारी है। कार्यकर्ता बड़ी संख्या में कांग्रेस दफ्तर के बाहर धरने पर बैठकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। कार्यकर्ता इंदौर जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े को हटाने की मांग पर अड़े हुए हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि दूसरे जिले के नेता को इंदौर का नया जिला अध्यक्ष बना दिया गया है। बता दें कि भोपाल, इंदौर, देवास, उज्जैन समेत कई जिलों में नियुक्ति को लेकर विरोध की तस्वीर सामने आ चुकी है। आज दिल्ली में मध्यप्रदेश कांग्रेस के जिला और शहर अध्यक्षों की ट्रेनिंग हो रही है।
