पति के क्रूरता की सारी हदें पार: पत्नी की चप्पल से की पिटाई, पत्थर फोड़ा सिर
CCTV में कैद हुई हैवानियत

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक हैवान पति ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए घर के बाहर ही पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी। आरोपी ने लात-घूसों से पहले जमकर पीटा, इतने से भी जब उसका मन नहीं भरा तो पत्थर से महिला के चेहरे और सिर पर बुरी तरह से वार कर दिया। इस घटना में महिला को गंभीर चोटें आई है। इस पूरे घटनाक्रम का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। जानकारी के मुताबिक घटना घमापुर थाना अंतर्गत इलाके की है। महिला की बेरहमी से पिटाई का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। जिसमें महिला का पति उसके मारपीट करता और उसे घसीटता हुआ नजर आ रहा है। इतना ही नहीं बल्कि पीड़िता को पत्थर और चप्पलों से भी पिटाई कर रहा है। घटना की शिकायत के लिए पीड़िता महिला एसपी ऑफिस न्याय की गुहार लेकर पहुंची। महिला ने ससुराल वालों पर घर हड़कपने का भी गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित प्रीति श्रीवास्तव के मुताबिक उसके जेठ, सास और ननद जान से मारने की धमकी और पति को छोड़ने का दबाव बना रहे है। साथ ही घर खाली करने की भी उसे धमकी दी जा रही है। पीड़िता ने बताया कि जिस घर में वो रह रही है, वह उसके पिता का है, लेकिन उसके ससुराल पक्ष ने धोखे से उसे भी हड़प लिया और उसे ही बाहर निकालने की धमकी दी जा रही है। पीड़िता का आरोप है कि स्थानीय थाने में शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई।




