पूरी तरह स्वस्थ हैं कृषि मंत्री एदल कंसाना: खुद सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी जानकारी
विधानसभा सत्र की कार्यवाही के बीच आया था चक्कर

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा में मंगलवार को कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना की तबीयत अचानक बिगड़ गई। जिसके बाद वे सदन से सीधे अस्पताल के लिए रवाना हुए। वहीं उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपने स्वास्थ्य की जानकारी दी है। मंत्री ने कहा कि वे पूरी तरह ठीक हूं, सभी जांच सामान्य है। कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स (X) पर पोस्ट कर लिखा- सदन में चक्कर आ गया था। सभी जांच सामान्य है मैं ईश्वर की कृपा से पूर्णता स्वस्थ हूं। दरअसल, एमपी विधानसभा के शीतकालीन सत्र की कार्यवाही के दूसरे दिन प्रश्नकाल का दौर चल रहा था। इसी दौरान कृषि मंत्री कंसाना को अचानक चक्कर आ गया था। मंत्री की तबीयत को देखते हुए आनन-फानन में डॉक्टरों को बुलाया गया। वहीं विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने सदन की कार्यवाही को 10 मिनट के लिए स्थगित कर दिया था। कुछ देर बाद मंत्री खुद पैदल चलकर सदन से बाहर निकले और अपनी गाड़ी में बैठकर अस्पताल के लिए रवाना हुए। मंत्री जी जब अपनी गाड़ी से हॉस्पिटल के लिए निकल चुके थे, तब जाकर विधानसभा की एंबुलेंस पहुंची।

