खास खबर

महाशिवरात्रि पर दतिया के गुप्तेश्वर महादेव मंदिर में उमड़ी भक्तों की भीड़

हर साल बढ़ता शिवलिंग और सिंदूर की अनोखी परंपरा, प्रशासन ने की चाक-चौबंद व्यवस्था

दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया जिले में स्थित प्राचीन गुप्तेश्वर महादेव मंदिर आज महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर भक्तों की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। बड़ौनी नगर परिषद में पहाड़ी गुफा के भीतर स्वयंभू शिवलिंग के रूप में विराजमान भगवान शिव के दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालु उमड़ पड़े हैं। यह मंदिर न केवल धार्मिक महत्व का है, बल्कि अपनी रहस्यमयी विशेषताओं के लिए भी प्रसिद्ध है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान शिव यहां गुप्त रूप से निवास करते थे, इसलिए इन्हें ‘गुप्तेश्वर’ कहा जाता है। मंदिर एक प्राकृतिक पहाड़ी गुफा के अंदर स्थित है, जहां भक्तों का अटूट विश्वास है कि शिवलिंग और उसके नीचे की पहाड़ी का आकार हर साल बढ़ रहा है। भक्त इसे महादेव का चमत्कार मानते हैं और दूर-दूर से यहां दर्शन करने आते हैं। मंदिर की एक अनोखी परंपरा यह है कि यहां शिवलिंग पर सिंदूर चढ़ाया जाता है, जो उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर की तरह मध्य प्रदेश में बहुत कम स्थानों पर देखने को मिलती है। महाशिवरात्रि पर भक्त जल, दूध, बेलपत्र के साथ सिंदूर अर्पित कर भोलेनाथ की आराधना करते हैं। दतिया जिला मुख्यालय से महज 10 किलोमीटर दूर स्थित यह मंदिर ऊंची पहाड़ी पर बना है और आस्था के साथ-साथ पर्यटन स्थल के रूप में भी लोकप्रिय है। यहां लोग धार्मिक दर्शन के साथ पिकनिक मनाने भी आते हैं। महाशिवरात्रि के मौके पर बड़ौनी नगर परिषद और बड़ौनी थाना पुलिस ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। पार्किंग की उचित व्यवस्था, कतारों में दर्शन की प्रक्रिया और सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं। जिला प्रशासन और पुलिस मौके पर नजर बनाए हुए हैं ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। स्थानीय भक्तों ने बताया, “गुप्तेश्वर महादेव आस्था का बड़ा केंद्र है। यहां भोलेनाथ हर मनोकामना पूरी करते हैं। शिवलिंग का बढ़ना और गुफा की शांति यहां की खासियत है।” यह प्राचीन सिद्ध स्थान न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि रहस्यमय शांति और चमत्कारों से भरा हुआ है। महाशिवरात्रि पर यहां की भक्ति और उत्साह देखते ही बनता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button