अब जमीनी स्तर पर काम करेगी कांग्रेस, BJP के खिलाफ लड़ेंगे 307 ब्लॉक अध्यक्ष : बैज
कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्षों को मिला प्रशिक्षण

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के सभी ब्लॉक अध्यक्षों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज समापन हुआ। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से आयोजित इस प्रशिक्षण अभियान के तहत अलग-अलग संभागों में ब्लॉक अध्यक्षों को संगठन को मजबूत करने, जमीनी स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को प्रभावी बनाने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों को लेकर प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण अभियान की शुरुआत बस्तर संभाग से की गई थी। इसके बाद दुर्ग, सरगुजा और बिलासपुर संभाग में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। अंतिम चरण में रायपुर संभाग के ब्लॉक अध्यक्षों के लिए तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया, जिसका आज समापन हुआ। रायपुर संभाग के प्रशिक्षण शिविर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने ब्लॉक अध्यक्षों को संगठनात्मक गतिविधियों और पार्टी की रणनीति से जुड़े विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन दिया। कांग्रेस की ओर से आयोजित प्रेसवार्ता में PCC चीफ दीपक बैज ने कहा, पूरे प्रदेश को 5 संभागों में बांटकर ब्लाॅक कांग्रेस अध्यक्षों और मास्टर ट्रेनरों को प्रशिक्षण दिया गया। 3-3 दिन का हमने सभी संभागों का प्रशिक्षण किया। 307 ब्लॉक अध्यक्ष अब BJP के खिलाफ लड़ाई लड़ेंगे। आम जनता के बीच जाकर सरकार की नाकामियां बताएंगे। अब जमीनी स्तर पर कांग्रेस काम करेगी। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, धनेंद्र साहू भी मौजूद रहे।
असम घटना पर बैज बोले – जनता के रुझान से डरी है भाजपा
भूपेश बघेल के काफिले पर हमला पर दीपक बैज ने कहा, EX CM भूपेश बघेल और गौरव गोगई के ऊपर असम में बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने पथराव किया। ये चिंताजनक बात है। पथराव से कई गाड़ियों के कांच टूटे हैं। असम में लोकसभा के उप चुनाव चल रहे हैं। बीजेपी जनता के रुझान के अनुसार डरी हुई है। बीजेपी कार्यकर्ता हमारे लोगों पर हमला कर रही है। क्या यही लोकतंत्र है? भाजपाइयों में कानून का डर नहीं है। इस घटना की कांग्रेस निंदा करती है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
‘गायों को सुरक्षा नहीं दे पा रही सरकार’
बलौदाबाजार-भाटापारा ब्लॉक में बंद गोदाम में 20 गायों की मौत मामले में दीपक बैज ने कहा, पूरे प्रदेश में गायें भूख से मर रही हैं। हाइवे रोड में एक्सीडेंट से गाय मर रही हैं। बिलासपुर, कवर्धा, दुर्ग जैसे कई शहरों में 240 से ज्यादा गाय की मौत हुई है। ये सरकार गाय पर राजनीति करती है और गाय को सुरक्षा नहीं दे पा रही है। गायों के भूखे मरने की नौबत आ गई है। सरकार कुछ नहीं कर रही है।


