धान खरीदी से पहले अनिश्चितकालीन हड़ताल पर सहकारी समिति कर्मचारी और कंप्यूटर ऑपरेटर
चार सूत्रीय मांगों को लेकर पांच संभागों में प्रदर्शन शुरू

महासमुंद। छत्तीसगढ़ में जहां एक ओर 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने जा रही है, वहीं दूसरी ओर धान खरीदी से पहले ही सहकारी समिति कर्मचारी और कंप्यूटर ऑपरेटर हड़ताल पर चले गए हैं। पांच संभागों के सैकड़ों कर्मचारियों ने सरकार से चार सूत्रीय मांगों को लेकर आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है, जिससे धान खरीदी की तैयारी पर असर पड़ सकता है। इसी कड़ी में महासमुंद के लोहिया चौक पर पांच संभाग (महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, धमतरी एवं गरियाबंद) के सैकड़ों कर्मचारियों ने धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया। धरने के दौरान समिति के कर्मचारी व कंप्यूटर ऑपरेटरों ने जमकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी । बता दें कि खरीफ विपणन सत्र 2025-26 के तहत प्रदेश में धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसकी घोषणा करते हुए बताया कि सभी पंजीकृत किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा। राज्य सरकार ने इस बार भी किसानों को समय पर भुगतान और पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। पिछले वर्ष धान खरीदी 14 नवंबर से 31 जनवरी 2025 तक चली थी, जिसमें 25.49 लाख किसानों ने हिस्सा लिया था और रिकॉर्ड 149.25 लाख टन धान खरीदा गया था।
