खंडवा में कांग्रेस का धरना: चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का फूंका पुतला
कहा- BJP का अनुषांगिक संगठन बनकर काम कर रहा EC

खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा में कांग्रेस ने चुनाव आयोग के खिलाफ धरना और उपवास कर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर अपना आक्रोश जताया। कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज होने के बाद से कांग्रेसियों में आक्रोश है। खंडवा के केवलराम चौराहा पर बुधवार को धरना दिया गया। कांग्रेस कार्यकर्ता काली पट्टी बांधकर बैठे। हाथों में संविधान की प्रति, महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीरें लेकर विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग निष्पक्ष संस्था की तरह काम नहीं कर रहा है वह भाजपा के अनुषांगिक संगठन की तरह व्यवहार कर रहा है।
चुनाव आयोग मुर्दाबाद के लगाए नारे
कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम से महिला विरोधी मानसिकता सामने आई है। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष करेगा। नेताओं ने कहा कि संविधान बचाने की लड़ाई अब और तेज की जाएगी। प्रदर्शन के अंत में चुनाव आयोग के आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर चुनाव आयोग मुर्दाबाद के नारे लगाए।
जिलाध्यक्ष ने कही ये बात
खंडवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष उत्तमपाल सिंह ने कहा कि चुनाव आयोग बीजेपी के एजेंट के रूप में काम कर रहा है। जिस प्रकरण में न FIR दर्ज हुई है, न कोई मुकदमा दर्ज हुआ है, ऐसे प्रकरण में अगर पर्चा निरस्त कर रहे है तो ये संविधान की एक तरह से हत्या का प्रयास है। उन्होंने आगे कहा कि बीजेपी लंबे समय से यह कृत्य करते आई है। सत्ता पाने के लिए हर हथकंडे अपना रहे है। उत्तमपाल सिंह ने कहा कि बाबा अंबेडकर जी ने जो संविधान बनाया है, उसकी रोज हत्या कर रहे है, इसके विरोध में कांग्रेस पार्टी ने आंदोलन किया है। साथ ही चुनाव आयोग का पुतला दहन भी किया गया है।




