मध्य प्रदेश

जनसुनवाई में भड़के बीजेपी पार्षद? महिलाओं से गाली गलौज करने का आरोप, वीडियो वायरल

पार्षद के व्यवहार से लोगों में और आक्रोश

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के एक बीजेपी पार्षद पर महिलाओं से गाली गलौज करने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि महिलाएं नगर निगम जोन कार्यालय में चल रही जनसुनवाई में पानी की समस्या को लेकर पहुंची हुई थीं। जानकारी के अनुसार, वार्ड 57 की महिलाएं क्षेत्र में पानी की किल्लत को लेकर जोन कार्यालय पहुंची थीं। महिलाओं ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर बीजेपी पार्षद सुरेंद्र वाटिका के सामने समस्या रखी और समाधान की गुहार लगाई। आरोप है कि इस दौरान पार्षद भड़क गए और महिलाओं से अभद्र भाषा में गाली-गलौज करने लगे। पूरी घटना वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने मोबाइल में कैद कर ली। वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्षद के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जनता की समस्या सुनने की बजाय जनप्रतिनिधि का इस तरह का व्यवहार निंदनीय है। महिलाओं ने भी पार्षद के रवैये पर नाराजगी जताई है। वार्ड 57 में लंबे समय से पानी की समस्या बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बाद भी समाधान नहीं हुआ। अब पार्षद के व्यवहार से लोगों में और आक्रोश है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button