सिवनी में श्रेय की होड़! BJP के पूर्व विधायक ने किया पुल का उद्घाटन, सांसद को खबर ही नहीं
कलेक्टर और संबंधित अधिकारियों को भी इस बारे में नहीं पता

सिवनी। मध्य प्रदेश बीजेपी के पूर्व विधायक राकेश सिंह पाल का अनोखा कारनामा सामने आया है। उन्होंने प्रोटोकॉल को नजरअंदाज कर पुल का फीता काट दिया। अति उत्साहित कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक की फजीहत करा दी। वहीं कांग्रेस विधायक रजनीश सिंह ने सद्बुद्धि की कामना की है। इस मामले की शिकायत कलेक्टर से भी की गई है। सिवनी जिले में बीजेपी के पूर्व विधायक राकेश पाल सिंह ने एक अनोखा कारनामा अपने नाम किया है। पूर्व विधायक ने नवनिर्मित पुल का बिना प्रोटोकॉल के कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचकर फीता काट दिया। इतना ही नहीं कार्यकर्ताओं के साथ जय घोष लगाते हुए श्रेय लूटने की कोशिश की। सोशल मीडिया में वायरल होते ही यह वीडियो लोगों में चर्चा का विषय बन गया। केवलारी विधानसभा क्षेत्र के स्थानीय कांग्रेस विधायक ठाकुर रजनीश सिंह ने इस मामले को लेकर संज्ञान लिया है। उन्होंने इस पूरे मामले की शिकायत कलेक्टर से की है। रजनीश सिंह ने बताया कि सांसद, कलेक्टर और संबंधित अधिकारियों को भी इस बारे में नहीं पता है। इस कार्य की मैं घोर निंदा करता हूं। साथ ही रजनीश सिंह ने पूर्व विधायक राकेश पाल की सद्बुद्धि की कामना की है।




