अंगूठा लगवाया, फिर भी नहीं मिला राशन: एक महीने से भटक रहा पहाड़ी कोरवा परिवार
दुकान से राशन खरीदकर भर रहा पेट, अधिकारी ने कही ये बात

धरमजयगढ़। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ क्षेत्र के ग्राम पंचायत साजापाली के आमानारा गांव से राशन वितरण में गड़बड़ी का मामला सामने आया है। यहां पहाड़ी कोरवा परिवारों ने आरोप लगाया है कि राशन देने के नाम पर उनका अंगूठा लगवा लिया गया, लेकिन इसके बाद उन्हें राशन नहीं दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि अगस्त महीने का राशन उन्हें नहीं मिला, जिससे गांव के पहाड़ी कोरवा परिवारों में नाराजगी है। ग्रामीणों के अनुसार, राशन देने के नाम पर उनका अंगूठा लगवा लिया गया, लेकिन अंगूठा लगवाने के बाद भी उन्हें अगस्त महीने का राशन नहीं दिया गया। ऐसे में अब उनका सवाल है कि जब राशन वितरण के नाम पर उनका अंगूठा लग चुका है और राशन का गबन हो गया है, तो उन्हें संबंधित माह का राशन कैसे मिलेगा। ग्रामीण पारस राम ने बताया कि अगस्त महीने का राशन नहीं मिला है। अंगूठा लगवा लिया गया है और जब राशन लेने जाते हैं तो संचालक ढंग से बात भी नहीं करते। कहते हैं कि कहीं दूसरी जगह जाओ और राशन लेकर आओ। समय पर राशन नहीं मिल रहा है, जिससे ग्रामीण दुकान से राशन खरीदकर खा रहे हैं।



