झीरम कांड मामले में मुख्य दोषी तक नहीं पहुंच पाई NIA : धनेंद्र साहू
भाजपा सेवा संकल्प अभियान पर सरकार को घेरा

रायपुर। झीरम नक्सली हमला मामले में आज दोषियों को सजा सुनाई जाएगी। इस मामले में पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष धनेंद्र साहू ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि स्थिति दुर्भाग्यजनक है। प्रदेश में जघन्य हत्याकांड हुए 13-14 वर्ष बीतने के बाद भी एनआईए मुख्य दोषी तक नहीं पहुंच पाई। जिन्हें अपराधी घोषित किया गया है वे वास्तविक अपराधी नहीं हैं। जिन लोगों को सजा मिल रही है वे सब नौकर-चाकर और कर्मचारी वर्ग के लोग हैं। मोस्टवांटेड लोगों को तो सजा ही नहीं मिली, वास्तविक हत्यारे तक जांच एजेंसी नहीं पहुंच पाई। हल्दी बीज वितरण में भ्रष्टाचार के आरोप को लेकर कांग्रेस नेता धनेंद्र साहू ने कहा, चाहे किसी भी प्रकार के बीज हो, छत्तीसगढ़ सबसे ज्यादा नकली बीज के विक्रय का केंद्र बना है। हल्दी के बीज भी अमानक पाए गए हैं। जितने सहकारी सेवा केंद्र हैं उनमें भी अमानक स्तर के बीज निकल रहे हैं। सरकार किसानों को अच्छे खाद-बीज का वितरण नहीं कर पा रही। आंबेडकर अस्पताल में चूहा मारने पर 25 लाख खर्च, इस मामले में धनेंद्र साहू ने कहा, भाजपा को हर चीज में भ्रष्टाचार करना है। चूहों से डॉक्टर और मरीज सभी परेशान हैं। 25 लाख रुपये चूहे मारने के लिए दिए हैं, कितने चूहे मारे गए? क्या उसका भी पोस्टमार्टम करवाएंगे? भ्रष्टाचार पर भ्रष्टाचार हो रहा है, चाहे दवाई खरीदी में हो या किसी और मामले में, सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त है। नगरीय निकाय चुनाव को लेकर धनेंद्र साहू ने कहा, जब से भाजपा की सरकार है तब से विकास कार्य ठप है। कहीं विकास कार्यों के लिए धनराशि नहीं है। अब शहरी क्षेत्रों में विकास कार्य करने की बात कही जा रही है, लेकिन महंगाई चरम सीमा पर है। भाजपा के लोगों को हराने के लिए जनता पूरी तरह तैयार बैठी है। विकास कार्यों की स्थिति, महंगाई, बिजली, स्मार्ट मीटर, नालियां भरना और सफाई नहीं होने जैसे मुद्दे हैं। इन सभी मुद्दों पर कांग्रेस जनता के बीच जाएगी और चुनाव में कांग्रेस को जीत प्राप्त होगी।

